-उपायुक्त ने जिला खजाना कार्यालय का किया औचक निरीक्षण, डबल लॉक व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंध एवं रिकॉर्ड का लिया जायजा
-सीसीटीवी निगरानी, रिकॉर्ड के रखरखाव एवं वित्तीय प्रणाली को लेकर अधिकारियों को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश
-खजाना कार्यालय में पारदर्शिता, सुरक्षा एवं जवाबदेही सुनिश्चित करना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता
सोनीपत, 16
उपायुक्त नेहा सिंह ने गुरुवार को जिला खजाना कार्यालय का औचक निरीक्षण कर कार्यालय में सुरक्षा व्यवस्था, वित्तीय अभिलेखों के रखरखाव तथा प्रशासनिक कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने डबल लॉक व्यवस्था, खजाने में रखे गए महत्वपूर्ण अभिलेखों एवं सामग्री की सुरक्षा व्यवस्था का गहन निरीक्षण किया तथा संबंधित अधिकारियों को सभी व्यवस्थाओं को और अधिक मजबूत एवं व्यवस्थित बनाए रखने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने खजाने में रखी सामग्री से संबंधित एंट्री रजिस्टर का मिलान कर रिकॉर्ड की जांच की। उन्होंने अधिकारियों से रिकॉर्ड रखरखाव की प्रक्रिया की जानकारी लेते हुए कहा कि सभी प्रविष्टियां नियमानुसार एवं समय पर दर्ज की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि वित्तीय अभिलेखों के रखरखाव में किसी प्रकार की त्रुटि या लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उपायुक्त ने खजाना कार्यालय की सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण करते हुए निर्देश दिए कि कार्यालय परिसर में सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से प्रत्येक गतिविधि पर नियमित निगरानी रखी जाए। उन्होंने कहा कि जहां आवश्यकता हो वहां अतिरिक्त कैमरे स्थापित किए जाएं तथा कैमरों की कार्यशीलता की समय-समय पर जांच भी सुनिश्चित की जाए। सुरक्षा से जुड़े सभी उपकरण हर समय सुचारू रूप से कार्य करें ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके।
उन्होंने कार्यालय में रखे डायरी-डिस्पैच रजिस्टर, स्टॉक रजिस्टर तथा अन्य महत्वपूर्ण अभिलेखों की भी विस्तार से जांच की। उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी रिकॉर्ड नियमित रूप से अपडेट किए जाएं तथा प्रत्येक दस्तावेज का रखरखाव निर्धारित नियमों एवं प्रक्रियाओं के अनुरूप किया जाए। उन्होंने कहा कि रिकॉर्ड संधारण में पारदर्शिता एवं शुद्धता बनाए रखना प्रत्येक अधिकारी एवं कर्मचारी की जिम्मेदारी है।
उपायुक्त ने कहा कि जिला खजाना कार्यालय शासन-प्रशासन की वित्तीय व्यवस्था का महत्वपूर्ण केंद्र है। इसलिए यहां कार्यरत सभी अधिकारी एवं कर्मचारी पूर्ण जिम्मेदारी, सतर्कता एवं ईमानदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें। उन्होंने कहा कि कार्यालय में वित्तीय अनुशासन, गोपनीयता और सुरक्षा मानकों का हर स्तर पर पालन सुनिश्चित किया जाना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्यालय परिसर में स्वच्छता, अभिलेखों के सुरक्षित रखरखाव, अग्नि सुरक्षा उपायों तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं पर भी विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने कहा कि समय-समय पर कार्यालय का आंतरिक निरीक्षण भी किया जाए ताकि किसी भी प्रकार की कमी को तुरंत दूर किया जा सके।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से कार्यालय की कार्यप्रणाली के संबंध में जानकारी प्राप्त की तथा उन्हें शासन के दिशा-निर्देशों के अनुरूप कार्य करते हुए आमजन को बेहतर एवं समयबद्ध सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य कार्यालयों की कार्यप्रणाली को अधिक पारदर्शी, जवाबदेह एवं प्रभावी बनाना है और इसके लिए नियमित निरीक्षण लगातार जारी रहेंगे। इस अवसर पर जिला खजाना अधिकारी संजीव कुमार सहित खजाना कार्यालय के संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
—-
Leave feedback about this