अभूतपूर्व उपलब्धि : वर्ष 2024-25 में कायाकल्प अवॉर्ड से नवाजे गए जिले के 73 स्वास्थ्य संस्थान, प्रदेश में सबसे ज्यादा अवार्ड पाने वाला जिला बना ऊना
ऊना, 9 अक्तूबर
ऊना जिले ने स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में एक और कीर्तिमान स्थापित किया है। वर्ष 2024-25 में जिले के 73 स्वास्थ्य संस्थानों को कायाकल्प पुरस्कार से नवाजा गया है। इस उल्लेखनीय उपलब्धि के लिए जिले को 53.85 लाख रुपये की पुरस्कार राशि प्राप्त हुई है।
गुरुवार को जोनल अस्पताल के सभागार में जिला गुणवत्ता आश्वासन समिति और जिला पुरस्कार समिति की बैठक में उपायुक्त जतिन लाल ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए स्वास्थ्य विभाग के सभी अधिकारियों और कर्मचारियों की सराहना की। उन्होंने कहा कि ऊना जिला बीते वर्षों में लगातार उत्कृष्ट कार्य करते हुए प्रदेश में सर्वाधिक कायाकल्प अवार्ड प्राप्त करने वाला जिला बना है।
उन्होंने कहा कि जिला में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर से बेहतरीन बनाने के प्रयास लगातार जारी रहेंगे। उन्होंने कहा कि अच्छा स्वास्थ्य और शिक्षा सामाजिक सुरक्षा के दो महत्वपूर्ण स्तंभ हैं। जब हम गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराते हैं, तो उसका सकारात्मक प्रभाव पूरे समाज पर पड़ता है।
उन्होंने कहा कि प्रगतिशील समाज वही होता है जहां शिक्षा और स्वास्थ्य को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाती है, और जिला ऊना इस दिशा में उल्लेखनीय प्रगति कर रहा है।
बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संजीव कुमार वर्मा ने बताया कि जिला ऊना के 73 स्वास्थ्य संस्थान राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानकों के आधार पर राष्ट्रीय और राज्य स्तरीय चयन टीम द्वारा कायाकल्प अवार्ड के लिए चयनित किए गए। यह चयन एक्सटर्नल असेसमेंट प्रक्रिया के माध्यम से किया गया है। उन्होंने बताया कि जिले ने साल दर साल स्वास्थ्य सेवाओं के मानकों पर गुणवत्ता विकास किया है और हर साल अलग अलग श्रेणियों में अवॉर्ड की संख्या प्राप्ति में भी बढ़ोतरी की है।
बैठक में स्वास्थ्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुखदीप सिंह सिद्धू ने अधिकारियों का परिचय कराया, जबकि जिला सलाहकार अधिकारी डॉ. रमन कुमार संदल ने स्वास्थ्य क्षेत्र की प्रगति और विभागीय गतिविधियों की जानकारी दी।
इस अवसर पर उपायुक्त ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी, स्वास्थ्य चिकित्सा अधिकारी, सभी खंड चिकित्सा अधिकारियों, सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों और मिशन से जुड़े अन्य अधिकारियों-कर्मचारियों को प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।
बैठक में चिकित्सा अधीक्षक डाॅ.संजय मनकोटिया, क्षेत्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण प्रशिक्षण केंद्र छैब के प्रधानाचार्य डाॅ. राजीव गुर्ग, सभी खण्ड चिकित्सा अधिकारी, स्वास्थ्य चिकित्सा अधिकारी डाॅ. सुखदीप सिंह, जिला कार्यक्रम अधिकारी डाॅ. अंकित चैधरी उपस्थित रहे।
Leave feedback about this