देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन का 17 जुलाई से हरियाणा में होगा शुभारम्भ
भारत में हरित ऊर्जा आधारित रेल परिवहन को मिलेगी नई दिशा- मुख्यमंत्री
चंडीगढ़, 13 जुलाई
17 जुलाई को देश के रेल इतिहास में नया अध्याय लिखने जा रहा है। इसी दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जींद से देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन का शुभारंभ करेंगे।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारत आधुनिक तकनीक और विश्वस्तरीय इंफ्रास्ट्रक्चर की ओर तेजी से बढ़ रहा है। देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन का संचालन स्थल हरियाणा को बनाया जाना इस बात का प्रमाण है कि प्रदेश नवाचार और विकास में अग्रणी भूमिका निभा रहा है। यह ट्रेन जींद से सोनीपत के बीच चलाई जाएगी। हाइड्रोजन ईंधन से चलने के कारण यह पूरी तरह पर्यावरण अनुकूल होगी और प्रदूषण कम करने के साथ टिकाऊ परिवहन को बढ़ावा देगी।
हरित पहल पर जोर
मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से अपील की कि वे इस ऐतिहासिक मौके के साक्षी बनें। उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम को पूरी तरह से इको फ्रेंडली बनाने के लिए अनेक प्रबंध किए गए हैं। स्वच्छ पर्यावरण का संदेश देने के लिए रैली में इलेक्ट्रिक व सीएनजी वाहनों को प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री की सोच के अनुरूप प्रदेश सरकार भी हरित पहल पर जोर दे रही है।
मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि हाइड्रोजन ट्रेन की शुरुआत से भारत में हरित ऊर्जा आधारित रेल परिवहन को नई दिशा मिलेगी और हरियाणा आधुनिक, स्वच्छ व तकनीक आधारित विकास में और मजबूत होगा।
Leave feedback about this