Haryana

16 से 19 जुलाई तक सोनीपत में आयोजित होगा विश्वविख्यात जादूगर सम्राट शंकर का रंगीन इंद्रजाल शो

प्रतिदिन दोपहर 1 बजे व सायं 7 बजे होंगे दो शो, जादू के साथ सामाजिक जागरूकता का भी मिलेगा संदेश

-लघु सचिवालय में जादूगर सम्राट शंकर ने किया पत्रकार वार्ता को संबोधित, शौ की विस्तार से दी जानकारी

सोनीपत, 15 जुलाई

सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग, हरियाणा द्वारा अमृतकाल (जागरूकता अभियान) के तहत 16 से 19 जुलाई तक सोनीपत के मुरथल रोड स्थित जीवीएम गर्ल्स कॉलेज में विश्वविख्यात जादूगर सम्राट शंकर का रंगीन इंद्रजाल शो आयोजित किया जाएगा। चार दिनों तक चलने वाले इस भव्य आयोजन में प्रतिदिन दो शो होंगे, जिनका समय दोपहर 1 बजे तथा सायं 7 बजे निर्धारित किया गया है। सभी शो में आमजन का प्रवेश पूर्णतः निशुल्क रहेगा।

इस संबंध में बुधवार को लघु सचिवालय के प्रथम तल स्थित सभागार में आयोजित पत्रकार वार्ता में विश्वविख्यात जादूगर सम्राट शंकर ने कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 16 जुलाई को दोपहर 1 बजे आयोजित पहले शो में सोनीपत के विधायक निखिल मदान बतौर मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे। पत्रकारों को संबोधित करते हुए सम्राट शंकर ने कहा कि जादू केवल मनोरंजन ही नहीं, बल्कि एक सशक्त कला है, जिसके माध्यम से समाज में सकारात्मक संदेश पहुंचाए जा सकते हैं। उन्होंने बताया कि उन्होंने वर्ष 1974 से इस कला को जनसेवा और जनजागरण का माध्यम बनाया है। जादू ऐसा मंच है, जिसे पूरा परिवार एक साथ बैठकर देख सकता है और इसका उद्देश्य अंधविश्वास को बढ़ावा देना नहीं, बल्कि उसे दूर करना है।

उन्होंने हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके सहयोग से प्रदेशभर में यह रंगीन इंद्रजाल शो आमजन के लिए निशुल्क आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि अधिक से अधिक लोग इस अनूठी कला का आनंद ले सकें। उन्होंने बताया कि शो के दौरान पर्यावरण संरक्षण, जल बचाओ, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, कन्या भ्रूण हत्या रोकने सहित अनेक सामाजिक विषयों पर जनजागरूकता के संदेश भी दिए जाएंगे। पत्रकार वार्ता के दौरान सम्राट शंकर ने कार्ड, नोट एवं अन्य कई रोमांचक जादुई करतब प्रस्तुत कर उपस्थित पत्रकारों को मंत्रमुग्ध कर दिया। उन्होंने कहा कि कला का सदुपयोग समाज हित में होना चाहिए तथा इसका दुरुपयोग कभी नहीं किया जाना चाहिए।

उन्होंने बताया कि चार दिवसीय इंद्रजाल शो में आधुनिक तकनीक, रोमांचक जादुई प्रस्तुतियां, आकर्षक मंच सज्जा और भरपूर मनोरंजन का अनूठा संगम देखने को मिलेगा, जिसका आनंद हर आयु वर्ग के लोग उठा सकेंगे। इस दौरान जूनियर जादूगर के द्वारा भी जादू की कला के करतब दिखाए गए। जिला सूचना एवं जन सम्पर्क अधिकारी राकेश गौतम ने जिला के नागरिकों से इस निशुल्क आयोजन में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर कार्यक्रम का लुत्फ उठाने की अपील करी गई।

Leave feedback about this

  • Service