चंडीगढ़, 13 जुलाई
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि राज्य में 75 करोड़ रुपये से अधिक लागत वाली सभी प्रमुख परियोजनाओं को निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा किया जाए, ताकि जनता को उनका लाभ समय पर मिल सके। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी योजना की कार्य अवधि नहीं बढ़ाई जानी चाहिए, क्योंकि इससे परियोजना की लागत बढ़ती है और सरकार पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ता है। मुख्यमंत्री सोमवार को स्टेट प्रगति प्रोजेक्ट बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे, जिसमें 75 करोड़ रुपये से अधिक लागत वाली 12 परियोजनाओं की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक के दौरान उन्होंने विभिन्न विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
गन्नौर मंडी में सौर ऊर्जा और आधुनिक सुविधाओं पर जोर
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पिंजौर स्थित एप्पल मार्केट तथा गन्नौर में विकसित की जा रही अंतरराष्ट्रीय फल, फूल, सब्जी एवं बागवानी मंडी के शेडों पर सौर ऊर्जा उपकरण लगाए जाएं, ताकि ये मंडियां बिजली के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बन सकें। उन्होंने बताया कि गन्नौर मंडी में तीन वातानुकूलित शेड तैयार हो चुके हैं। यहां 20 प्रतिशत क्षेत्र को ग्रीन एरिया के रूप में विकसित किया जाएगा और सड़कों के दोनों ओर पौधारोपण किया जाएगा। इसके अलावा रैनीवेल, लाइट एवं साउंड सिस्टम तथा वर्षा जल संचयन और उपयोग की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। उन्होंने कहा कि यह उत्तर भारत की प्रमुख मंडी होगी, जहां उत्तर प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, पंजाब, हिमाचल प्रदेश सहित कई राज्यों के किसान अपने उत्पादों की बिक्री कर सकेंगे।
पंचायतों तक पहुंचेगा ऑप्टिकल फाइबर
मुख्यमंत्री ने भारतनेट परियोजना के तहत प्रत्येक ग्राम पंचायत तक ऑप्टिकल फाइबर कनेक्टिविटी पहुंचाने के कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि राज्य की 5,200 ग्राम पंचायतों में ऑप्टिकल फाइबर पहुंचाने का कार्य अंतिम चरण में है, जबकि शेष लगभग 1,000 पंचायतों में भी यह कार्य जल्द पूरा किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस योजना के तहत ग्राम पंचायतों के अलावा स्कूलों, स्वास्थ्य केंद्रों, आंगनबाड़ी केंद्रों, ई-लाइब्रेरी और अन्य सार्वजनिक स्थलों को भी इंटरनेट कनेक्टिविटी उपलब्ध कराई जाएगी।
नूंह में बनेगा 100 बेड का सात मंजिला अस्पताल
मुख्यमंत्री ने बताया कि नूंह में लगभग 156 करोड़ रुपये की लागत से सात मंजिला 100 बेड का अस्पताल बनाया जाएगा। अस्पताल की चारदीवारी का निर्माण शुरू हो चुका है और अगले दो वर्षों में परियोजना पूरी करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके अलावा महेंद्रगढ़ जिले के नसीबपुर में राव तुलाराम शहीद स्मारक के निर्माण के लिए ड्राइंग तैयार की जा रही है। वहीं, पानीपत के कालाअम्ब में 16 एकड़ भूमि पर मराठा शौर्य स्मारक के निर्माण के लिए प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है।
पिंजौर गार्डन तक बनेगा फोरलेन कॉरिडोर
मुख्यमंत्री ने बताया कि पिंजौर में लगभग 152 करोड़ रुपये की लागत से एप्पल मार्केट के निर्माण के लिए टेंडर जारी किए जा चुके हैं और इसी माह कार्य शुरू होगा। उन्होंने पिंजौर गार्डन तक फोरलेन सड़क विकसित करने तथा इसे एक सुंदर कॉरिडोर के रूप में विकसित करने के निर्देश दिए। साथ ही टिक्करताल सड़क मार्ग को चौड़ा और मजबूत बनाने के भी निर्देश दिए गए।
हिसार और गुरुग्राम की प्रमुख परियोजनाओं की समीक्षा
बैठक में हिसार स्थित लाला लाजपत राय यूनिवर्सिटी में 153 करोड़ रुपये की लागत से पशु फार्म, पशु शेड और बीज स्टोर के निर्माण कार्य की समीक्षा की गई। इसके अलावा पशु चिकित्सा एवं विज्ञान महाविद्यालय की स्थापना के लिए आवश्यक प्रक्रिया भी जारी है। मुख्यमंत्री ने बताया कि पंचकूला के सेक्टर-5 में 55 करोड़ रुपये की लागत से राज्य स्तरीय संग्रहालय का निर्माण अंतिम चरण में है।
उन्होंने कहा कि हिसार में 707 करोड़ रुपये की लागत से एकीकृत विनिर्माण क्लस्टर (आईएमसी) विकसित किया जा रहा है, जिसके लिए कार्ययोजना तैयार हो चुकी है और जल्द टेंडर जारी किए जाएंगे। वहीं, गुरुग्राम में 1,003 करोड़ रुपये की लागत से ग्लोबल सिटी परियोजना पर कार्य जारी है। इस परियोजना के तहत पटौदी रोड को चौड़ा किया जाएगा तथा इसे एनएच-48 और द्वारका एक्सप्रेसवे से जोड़ा जाएगा।
बैठक में मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव अरुण गुप्ता, अतिरिक्त मुख्य सचिव ए.के. सिंह, अनुराग अग्रवाल, विजयेन्द्र कुमार, आयुक्त एवं सचिव डॉ. अमित अग्रवाल, जे. गणेशन, सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के महानिदेशक के. मकरंद पांडुरंग सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
Leave feedback about this