Himachal

मुख्यमंत्री सुक्खू ने चंबा-भरमौर राष्ट्रीय राजमार्ग पर कलसुईं में सड़क पुनर्निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया

आपदा के कारण सड़कों को भारी नुकसान हुआ है, सुक्खू

शिमला, 30 ਅਗਸਤ

आज मुख्यमंत्री हिमाचल प्रदेश श्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने चंबा-भरमौर राष्ट्रीय राजमार्ग पर कलसुईं में सड़क पुनर्निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि आपदा के कारण सड़कों को भारी नुकसान हुआ है। उन्होंने मणिमहेश से लौट रहे श्रद्धालुओं से भेंट कर उनका कुशल-क्षेम भी जाना। श्रद्धालुओं ने मुख्यमंत्री को बताया कि कई जगहों पर सड़कों का बुरा हाल है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रशासन का पूरा अमला सड़क बहाली के कार्य में दिन-रात जुटा है। उन्होंने कहा कि हमारी कोशिश है कि जल्द से जल्द सड़कों पर यातायात बहाल हो। प्रशासन श्रद्धालुओं को उनके गंतव्य तक पहुँचाने का काम प्राथमिकता से कर रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि शनिवार को तकरीबन 1200 श्रद्धालुओं को HRTC की बसों व निजी वाहनों से पठानकोट तथा करीब 200 श्रद्धालुओं को एचआरटीसी बसों से कांगड़ा की ओर भेजा है।

श्री सुक्खू ने आज चंबा के भरमौर सड़क मार्ग पर बने राहत शिविर का दौरा कर आपदा-प्रभावितों से मिलकर उनका दुख-दर्द साझा किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस आपदा ने हम सभी को गहरे घाव दिए हैं। कई लोगों की ज़िंदगी एक पल में उजड़ गई है। उन्होंने कहा, “मैं जानता हूँ, यह दुख-दर्द बहुत गहरा है, आपके मन में कितनी पीड़ा है और यह कितना असहनीय है।” 

उन्होंने सभी को विश्वास दिलाया कि वे अकेले नहीं हैं। हम सब एकजुट होकर आपके साथ खड़े हैं और इस संकट की घड़ी में आपके हर दुख को बांटेंगे।

उन्होंने कहा कि भारी बारिश और भूस्खलन ने आनी विधानसभा क्षेत्र में कहर बरपाया है, जिससे जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है और लोगों को भारी नुकसान झेलना पड़ा है। स्थानीय प्रशासन और स्थानीय लोगों की नि:स्वार्थ मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन लगातार जारी है।

मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने प्रशासन और स्थानीय लोगों की सेवा-भावना के लिए आभार व्यक्त किया है।

Leave feedback about this

  • Service
Choose Image