खेल मुकाबले, रन अगेंस्ट चिट्टा थीम पर मैराथन, रक्तदान शिविर आयोजित
घुमारवीं (बिलासपुर), 2 अक्तूबर
नगर एवं ग्राम नियोजन, आवास, तकनीकी शिक्षा, व्यावसायिक एवं औद्योगिक प्रशिक्षण मंत्री राजेश धर्माणी ने आज घुमारवीं में आयोजित दो दिवसीय सीर उत्सव का विधिवत शुभारंभ किया। उन्होंने सर्वप्रथम पवित्र स्थल रुक्मणी कुंड में पूजा-अर्चना की तथा कुंड के पवित्र जल को घुमारवीं की सीर खड्ड में प्रवाहित किया। इस अवसर पर स्वतंत्रता सेनानी सहज राम भी उपस्थित रहे।
उन्होंने गांधी चौक, घुमारवीं में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की तथा इस दौरान आयोजित योग सत्र में भी भाग लिया। इसके उपरांत नरसिंह मंदिर में पूजा-अर्चना और कन्या पूजन कार्यक्रम में भाग लेने के बाद श्री धर्माणी ने पुराना बस स्टैंड से गांधी चैक होते हुए सीर खड्ड तक निकाली गई भव्य शोभायात्रा में सहभागिता की तथा गौ पूजन कर शोभायात्रा का समापन किया।

सीर उत्सव के अवसर पर रन अगेंस्ट चिट्टा थीम पर आयोजित हुई मैराथन
सीर उत्सव के अवसर थीम रन अगेंस्ट चिट्टा पर मैराथन का आयोजन किया गया। मैराथन को पुलिस अधीक्षक बिलासपुर संदीप धवल ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया तथा विजेताओं को पुरस्कृत भी किया। इस मैराथन को विभिन्न वर्गों जिनमें अंडर-19 छात्र व छात्रा, 40 प्लस कटैगरी महिला व पुरूष, अंडर-14 छात्र व छात्रा, 20 प्लस महिला व पुरूष वर्ग शामिल हैं।
आयोजित मैराथन की 20 प्लस पुरूष वर्ग में कुठेहड़ा के सिया राम, घुमारवीं के नवनीत शर्मा तथा कसेरू के नरेश क्रमशः पहले तीन स्थानों पर रहे। इसी वर्ग की महिलाओं में बछरी की भावना शर्मा पहले, कसोल की बबीता शर्मा दूसरे तथ बछरी की ही कृतिका ठाकुर तीसरे स्थान पर रहीं। मैराथन प्रतियोगिता के अंडर 14 छात्र वर्ग में राजकीय उच्च पाठशाला टकरेड़ा के अरूण ने पहला, इसी स्कूल के प्रभाकर ने दूसरा तथा मोरसिंघी स्कूल के नलिक ने तीसरा स्थान हासिल किया।
मैराथन प्रतियोगिता के अंडर-19 छात्रा वर्ग में महिमा पहले, जिया दूसरे तथा निधि तीसरे स्थान पर रहीं, जबकि छात्र वर्ग में मनोज कुमार पहले, रजत दूसरे तथा शिवांश तीसरे स्थान पर रहा। सीर उत्सव के अवसर पर खेल प्रतियोगिताओं का किया जा रहा आयोजनसीर उत्सव के अवसर युवाओं को नशे से दूर रखने तथा खेलों के प्रति आकर्षित करने के दृष्टिगत कबड्डी, बैडमिंटन, हैंडबाॅल तथा बाॅस्केबाॅल स्पर्धाओं का भी आयोजन किया जा रहा है।

सीर उत्सव के अवसर पर आयोजित हुआ रक्तदान शिविर, 40 युनिट रक्त एकत्रित
सीर उत्सव घुमारवीं के अवसर पर शंकर सेवा एवं लंगर समिति भराड़ी की ओर से सिविल अस्पताल घुमारवीं में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर का विधिवत शुभारंभ नगर एवं ग्राम नियोजन, आवास, तकनीकी शिक्षा, व्यावसायिक एवं औद्योगिक प्रशिक्षण मंत्री राजेश धर्माणी ने किया।
इस रक्तदान शिविर में कुल 37 लोगों ने रक्तदान किया, जिनके माध्यम से 40 यूनिट रक्त एकत्रित हुआ। इस उपरान्त तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी ने सिविल अस्पताल में स्थापित ब्लड स्टोरेज यूनिट का भी उद्घाटन किया। उन्होंने बताया कि इस यूनिट में 20 यूनिट रक्त सुरक्षित रखने की क्षमता है, जिसे अधिकतम 28 दिनों तक अस्पताल में संरक्षित किया जा सकता है। इसके बाद रक्त को जिला अस्पताल बिलासपुर भेजा जाएगा।
उन्होंने कहा कि ब्लड स्टोरेज यूनिट की सुविधा से स्थानीय लोगों को रक्त की आवश्यकता पड़ने पर त्वरित सहायता मिल सकेगी और उन्हें बाहर जाने की आवश्यकता नहीं होगी।
क्या है सीर उत्सव?
यह आयोजन व्यापक सीर उत्सव के साथ समानताएं साझा करता है, जो हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा, मंडी, हमीरपुर, बिलासपुर और सोलन जैसे क्षेत्रों में फसल कटाई के मौसम के अंत को चिह्नित करने वाला एक पारंपरिक उत्सव है। यह आमतौर पर आश्विन मास की संक्रांति के आसपास मध्य सितंबर में मनाया जाता है। इसमें पारंपरिक अनुष्ठान, सांस्कृतिक कार्यक्रम और समुदायिक समारोह शामिल होते हैं, जो देवताओं का स्वागत करने और सर्दियों की तैयारी के लिए आयोजित किए जाते हैं।
Leave feedback about this